Jalandhar Punjab

युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान प्रदेश में नशे की बुराई को खत्म करने के लिए एक अहम प्रयास के तौर पर उभरा – डिप्टी कमिश्नर, सी.पी. और मेयर

जालंधर, 17 सितंबर (हरविंदर सिंह फुल्ल)-
विधानसभा हल्का जालंधर सेंट्रल, जालंधर कैंट, जालंधर वेस्ट और जालंधर नॉर्थ के विलेज डिफेंस कमेटियों और वार्ड डिफेंस कमेटियों के सदस्यों की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत एक विशेष मीटिंग हुई। मीटिंग के दौरान निचले स्तर तक साझी भागीदारी को और मजबूत करने तथा जिले में नशे के खात्मे के लिए किए जाने वाले प्रयासों को और तेज करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह और मेयर वनीत धीर, नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा कोऑर्डिनेटर अतिन अग्निहोत्री तथा हल्का इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा ने विलेज और वार्ड डिफेंस कमेटी के सदस्यों को संबोधित करते हुए अपने-अपने गांवों और वार्डों में सक्रिय रहकर लोगों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नशे का खात्मा करने और नौजवानों की ऊर्जा शक्ति को रचनात्मक दिशा में लगाने के लिए नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि निचले स्तर तक इस समस्या को खत्म करने के लिए पुनर्वास के साथ-साथ लोगों की साझी भागीदारी भी बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में चलाई गई 551 दिनों की इस मुहिम के दौरान 76,000 गिरफ्तारियां की गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अगले चरण के दौरान नशा मुक्ति मोर्चा सदस्यों द्वारा हर गांव और वार्ड में जाकर लोगों से संपर्क कायम कर जागरूकता फैलाई जाएगी और नशों के खिलाफ जंग की प्रगति संबंधी विचार-विमर्श किया जाएगा। मीटिंग के दौरान स्थानीय डिफेंस कमेटियों द्वारा जन जागरूकता में भूमिका, नौजवानों को रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना और व्यापक प्रयासों में सहयोग संबंधी विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए कानून को सख्ती से लागू करने के साथ-साथ पुनर्वास उपायों सहित बहु-उद्देश्यीय दृष्टिकोण अपनाया गया है। उन्होंने बताया कि नौजवानों को खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों की ओर लगाने के प्रयास किए जा रहे है, इसलिए गांवों में खेल स्टेडियम बनाए जा रहे है और ‘ खेड़ा वतन पंजाब दीया’ जैसी पहलों के जरिए नौजवानों की खेलों में भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही नशों से प्रभावित लोगों के इलाज और पुनर्वास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि जालंधर कमिशनरेट पुलिस द्वारा पिछले 16 दिनों के दौरान 127 एफ.आई.आर. दर्ज कर 150 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई का उदेश्य नशों की सप्लाई लाइन को तोड़ना और जो भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *