Jalandhar Punjab

कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने हलका आदमपुर के गांवों के लिए 6.67 करोड़ रुपये के सिंचाई प्रोजेक्ट का किया उद्धघाटन

आदमपुर (जालंधर) (भारत विज़न 24)- पंजाब के जल संसाधन, खनन एवं भू-विज्ञान तथा भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने हलका आदमपुर के गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने हेतु 6.67 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए प्रोजेक्टों का उद्धघाटन किया गया।चेयरमैन पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक पवन कुमार टीनू की मौजूदगी में गांव चूहड़वाली में विकास कार्यों का उद्घाटन करने के उपरांत कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि हलका आदमपुर में बिस्त दोआब नहर सिस्टम के अंतर्गत 4.67 करोड़ की लागत से 20.81 किलोमीटर लंबाई वाले पक्के खालों का काम पूरा किया गया है और 14.59 किलोमीटर जमीनदोज़ पाइप लाइन बिछाने पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए गए है।श्री गोयल ने बताया कि इन कार्यों से नहर सिंचाई के अंतर्गत रकबा 1318 एकड़ से बढ़कर 3900 एकड़ हो गया है। इस प्रकार 2582 एकड़ अतिरिक्त रकबा नहर के पानी से सिंचाई के दायरे में लाया गया है। उन्होंने कहा कि इन प्रोजेक्टों से नहर के पानी का सुचारू उपयोग सुनिश्चित होगा और किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाने और भूजल बचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नहर के पानी को किसानों के खेतों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया है ताकि सिंचाई के लिए किसानों की भूजल पर निर्भरता को कम किया जा सके।जल संसाधन मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य नहर के पानी के अधिकतम उपयोग को प्रोत्साहित करना और भूजल के गिरते स्तर को रोकना है, जिसके लिए सरकार ने नहर ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए है।इस मौके पर चेयरमैन पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक पवन कुमार टीनू ने सिंचाई प्रोजेक्ट के लिए पंजाब सरकार और कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि इससे हलके के गांवों को अच्छी सिंचाई सुविधा मिलेगी और किसानों की भूजल पर निर्भरता घटेगी।इस मौके पर एस.डी.एम. लाल विश्वास बैंस के अलावा इलाके की विभिन्न शख्सियतें एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *