Jalandhar

जनगणना-2027 संबंधी डिजिटल वैन के माध्यम से फैलाई जा रही जागरूकता

जालंधर, 25 नवंबर (हरविंदर सिंह फुल्ल)- जनगणना-2027 संबंधी लोगों में जागरूकता फैलाने और इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला जालंधर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत डिजिटल एलईडी वैन सब-डिवीजन जालंधर-1 के विभिन्न इलाकों और गांवों में ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों को जनगणना की प्रक्रिया, इसके महत्व और इससे जुड़ी ऑनलाइन सुविधाओं के बारे में जानकारी दे रही है।सेंसस चार्ज अफसर-कम-मुख्य कार्यकारी अफसर कैंटोनमेंट बोर्ड, जालंधर ओमपाल सिंह द्वारा आज डिजिटल जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वैन जालंधर छावनी के इलाके में लोगों को जनगणना-2027 के अहम कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल वैन के अलावा नुक्कड़ नाटक, स्कूलों में भाषण, पैम्फलेटों का वितरण सहित अन्य गतिविधियां भी करवाई जा रही हैं ताकि जनगणना संबंधी जानकारी हर वर्ग के लोगों तक पहुंचाई जा सके। इस मौके पर सहायक चार्ज अफसर राजन शर्मा, दफ्तर सुपरिटेंडेंट राजेश अटवाल, विनोद कुमार, सुनील कुमार, तजिंदर कुमार भी मौजूद थे।उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के तहत 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार संबंधी जरूरी विवरण ऑनलाइन दर्ज करवा सकते है। स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एस.ई. आई.डी.) मिलेगी, जिसे बाद में घर-घर आने वाले आधिकारिक जनगणना कर्मचारी के साथ साझा करना होगा। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित समय के अंदर स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाने, सही जानकारी दर्ज करवाने और इस प्रक्रिया में अपना योगदान देकर इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने की अपील की।इसके अलावा मंगलवार को डिजिटल वैन सब डिवीजन के विभिन्न गांवों में भी पहुंची। वैन के माध्यम से रहमानपुर, बड़िंग, अलीपुर, कोट कलां, कोट खुर्द, दीवाली, बंबियावाली और जमशेर खास गांवों में लोगों को जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया और स्व-गणना की ऑनलाइन सुविधा के बारे में जागरूक किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *