



















जालंधर, 22 नवंबर (भारत विज़न 24)- पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने रविवार को यहां बर्लटन पार्क स्थित ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में 43वें ओलंपियन सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने दोहराया कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जमीनी स्तर पर खेल ढांचे को मजबूत करने और राज्य को देश का खेल केंद्र (स्पोर्ट्स हब) बनाने के लिए भरपूर प्रयास कर रही है। ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’, नई खेल नीति और गांव स्तर पर स्टेडियम व नर्सरियों के विकास जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए श्री भगत ने उभरती प्रतिभा को निखारने और पंजाब की समृद्ध खेल विरासत को संभालने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने जालंधर में ‘एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी’ की सफल मेजबानी को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, जो सुरजीत हॉकी सोसाइटी के अध्यक्ष भी है, और हॉकी पंजाब अध्यक्ष नितिन कोहली की मौजूदगी में कैबिनेट मंत्री जी ने हवा में गुब्बारे छोड़कर और औपचारिक रूप से केक काटकर टूर्नामेंट की शुरुआत करवाई। छात्रों ने पंजाबी लोक नृत्यों, भांगड़ा और गिद्धे के शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस अवसर पर बोलते हुए डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार ‘ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम’ के रिकॉर्ड समय में किए गए नवीनीकरण का उल्लेख किया। उन्होंने महान फुल-बैक और स्वर्गीय ओलंपियन सुरजीत सिंह की विरासत को चार दशकों से अधिक समय तक जीवित रखने के लिए ‘सुरजीत हॉकी सोसाइटी’ की प्रशंसा की।इस दौरान हॉकी पंजाब अध्यक्ष और हॉकी इंडिया के उप-अध्यक्ष नितिन कोहली ने प्रबंधकों को बधाई दी और बताया कि राज्य सरकार निकट भविष्य में जूनियर हॉकी विश्व कप को पंजाब में लाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट ‘लीग-कम-नॉकआउट’ आधार पर खेला जाएगा। भाग लेने वाली 12 टीमों को दो पूलों में बांटा गया है। इन टीमों में पिछले साल की विजेता इंडियन ऑयल मुंबई, इंडियन नेवी मुंबई, आर.सी.एफ. कपूरथला, पंजाब एंड सिंध बैंक दिल्ली, इंडियन एयर फोर्स दिल्ली, भारत पेट्रोलियम मुंबई, बी.एस.एफ. जालंधर, सी.ए.जी. दिल्ली, इंडियन रेलवेज दिल्ली, आर्मी इलेवन दिल्ली और सी.आर.पी.एफ. दिल्ली शामिल हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 28 नवंबर, 2026 को खेला जाएगा।इससे पहले सोसाइटी के सी.ई.ओ. इकबाल सिंह संधू और जनरल सेक्रेटरी सुरिंदर सिंह भापा द्वारा सोसाइटी के अन्य पदाधिकारियों सहित स्टेडियम पहुंचने पर मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया।
