Jalandhar

उद्योगों को मिलेगा कुशल मानव संसाधन और युवाओं को रोजगार

जालंधर, 20 नवंबर ( टिंकू पंडित )- सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एम एस एम ई) को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, एम एस एम ई टेक्नोलॉजी सेंटर, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ हैंड टूल्स, जालंधर और लघु उद्योग भारती, पंजाब के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। ​इस समझौता ज्ञापन पर सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ हैंड टूल्स, जालंधर की ओर से प्रिंसिपल डायरेक्टर प्रदीप कुमार वर्मा तथा लघु उद्योग भारती की ओर से अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एडवोकेट अरविंद धूमल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सीआईएचटी के सहायक प्रशासनिक अधिकारी अंकित शर्मा, लघु उद्योग भारती पंजाब के महासचिव विवेक राठौर, जालंधर यूनिट के अध्यक्ष अनिरुद्ध धीर, महासचिव वरुण भल्ला तथा मीडिया प्रभारी अनुज कपूर, इंजीनियर विक्रमजीत विशेष रूप से उपस्थित रहे। ​समझौते की विस्तृत जानकारी देते हुए लघु उद्योग भारती जन संचार बोर्ड (उत्तर क्षेत्र) के प्रभारी विक्रान्त शर्मा ने बताया कि इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य उद्योग और तकनीकी संस्थान के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण करना है। इसके माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण को उद्योगों की वास्तविक जॉब वर्क आवश्यकताओं के अनुरूप ढाला जाएगा, जिससे प्रशिक्षुओं की रोजगार योग्यता में सुधार होगा, उन्हें बेहतर प्लेसमेंट व औद्योगिक प्रशिक्षण मिलेगा और संस्थान के आधुनिकीकरण को गति मिलेगी। लघु उद्योग भारती अपने औद्योगिक नेटवर्क में यहाँ के प्रशिक्षित छात्रों को रोजगार दिलाने में मदद करेगी। इसके साथ ही छात्रों को छह महीने के औद्योगिक प्रशिक्षण, ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग और दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।​एमएसएमई इकाइयों को एनएपीएस के तहत अप्रेंटिसशिप देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकरण, इंटर्नशिप के दौरान प्रशिक्षु बीमा, रोजगार मेलों के आयोजन और उद्योगों की मैनपावर आवश्यकताओं को साझा करने में भी संगठन सक्रिय भूमिका निभाएगा। छात्रों और फैकल्टी के लिए एमएसएमई क्लस्टरों व औद्योगिक इकाइयों के नियमित भ्रमण आयोजित किए जाएंगे। ज्ञान साझा करने और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उद्योग जगत के विशेषज्ञों, इंजीनियरों व प्रबंधकों के साथ सेमिनार और कार्यशालाएं होंगी। दोनों संस्थान एमएसएमई के लिए ऑटोमेशन, इंडस्ट्री 4.0 और नए उत्पाद विकास पर मिलकर काम करेंगे। उद्योगों की वास्तविक समस्याओं के समाधान हेतु संयुक्त परियोजनाएं चलाई जाएंगी तथा नए स्टार्ट-अप व उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त मार्गदर्शन और इनक्यूबेशन सहायता प्रदान की जाएगी। ​ युवाओं और औद्योगिक श्रमिकों के लिए अल्पकालिक व मध्यम अवधि के पाठ्यक्रम तैयार किए जाएंगे। कौशल की गुणवत्ता सुधारने के लिए उद्योग विशेषज्ञों और सीआईएचटी के बीच अतिथि व्याख्यान व प्रशिक्षक आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही एमएसएमई उद्यमियों व श्रमिकों के लिए प्रबंधन विकास कार्यक्रम चलाए जाएंगे और कौशल व नई तकनीक के रुझानों से जुड़ा डेटा साझा किया जाएगा।
​विक्रान्त शर्मा ने आगे बताया कि इस समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए एक संयुक्त समन्वय समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें सीआईएचटी के प्रिंसिपल डायरेक्टर और लघु उद्योग भारती के नामित प्रतिनिधि शामिल होंगे। संयुक्त योजना बनाने के लिए समिति की बैठक हर तीन महीने में आयोजित की जाएगी। पहले वर्ष में हर तीन महीने पर और उसके पश्चात हर छह महीने में कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। यह समझौता आपसी सहयोग की भावना पर आधारित एक गैर-बाध्यकारी दस्तावेज है, जिसके तहत किसी भी भावी वित्तीय कार्य के लिए अलग से लिखित सहमति ली जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *