













जालंधर, 8 सितंबर (भारत विज़न 24)- भीख मांगते बच्चों को रेस्क्यू करने के लिए आज प्रोजेक्ट जीवनज्योत-2 ‘सेव द चाइल्डहुड’ के तहत बाल भिक्षा रोकू टास्क फोर्स की टीम, जिसमें लीगल-कम-प्रोबेशन अधिकारी संदीप कुमार, सोशल वर्कर रेनू बाला, आउटरीच वर्कर गौरव और सुपरवाइजर चाइल्डलाइन बब्बलजीत शामिल थे, द्वारा शहर में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई और इस दौरान कपूरथला चौक से भीख मांगती बच्ची को छुड़वाया गया।इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए लीगल-कम-प्रोबेशन अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि जिला प्रोग्राम अधिकारी गुलबहार सिंह और जिला बाल सुरक्षा अधिकारी अजय भारती के निर्देशों पर की गई छापेमारी के दौरान रेस्क्यू की गई बच्ची को डी.डी.आर. करवाकर बाल कल्याण समिति, जालंधर में पेश किया गया, जिसके उपरांत उसे बाल कल्याण समिति द्वारा चिल्ड्रन होम फॉर गर्ल्स में भेज दिया गया है।उन्होंने बताया कि टीमों द्वारा आम लोगों को बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के महत्व और बच्चों के साथ हो रहे अपराधों, बाल मजदूरी, बाल भिक्षा, बच्चों के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण जैसी बुराइयों के बारे में भी जागरूक किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को बाल भिक्षा या किसी भी मुसीबत में फंसे बच्चे के बारे में जानकारी मिले, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर या जिला बाल सुरक्षा अधिकारी को, दफ्तर, जिला प्रोग्राम अधिकारी गांधी वनीता आश्रम में संपर्क करके जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू की गई बच्ची की पढ़ाई और पुनर्वास के लिए प्रयास किए जाएंगे।
