













बी.एल.ओ. को दूसरे चरण के काम को चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार व पारदर्शी ढंग से निपटाने के दिए निर्देश
जालंधर, 6 सितंबर (हरविंदर सिंह फुल्ल/भारत विज़न 24) वोटर सूचियों की स्पैशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 के तहत मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के दिशा-निर्देशों के अनुसार आज जालंधर जिले के समस्त 1997 पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप लगाए गए।इस दौरान भारत चुनाव आयोग द्वारा एस.आई.आर. के दूसरे चरण (नोटिस फेज/दावों और आपत्तियों के निपटारे) के काम को मुख्य रखते हुए जालंधर जिले के लिए तैनात किए गए रोल ऑब्जर्वर-कम-डिवीजनल कमिश्नर जालंधर श्री रामवीर ने विभिन्न पोलिंग स्टेशनों का दौरा कर विशेष कैंपों का जायजा लिया।
डिवीजनल कमिश्नर ने जालंधर केंद्रीय हलके के दफ्तर सब डिवीजनल इंजीनियर पी.डब्ल्यू.डी. (बी.एंड आर) पुरानी बारांदरी, अमर शहीद लाला जगत नारायण सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल लाडोवाली रोड, जालंधर उत्तरी के सदा सुख चोपड़ा एस.डी. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल संतोषपुरा, हलका आदमपुर के सरकारी एलिमेंटरी स्कूल कंगणीवाल में बने विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा किया गया।
रोल ऑब्जर्वर ने कैंपों के दौरान जहां बूथ लेवल अधिकारियों की कार्यकुशलता का जायजा लिया, वहीं कैंपों में पहुंचे नागरिकों और वोटरों से बातचीत भी की। उन्होंने बी.एल.ओ. को एस.आई.आर. के तहत दूसरे चरण के काम को चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार और पूर्ण पारदर्शी ढंग से निपटाने के निर्देश दिए।उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जिले का कोई भी योग्य नागरिक वोटर सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार ड्राफ्ट वोटर सूची का प्रकाशन 13 अगस्त 2026 को किया जा चुका है, जिसके संबंध में 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि नई वोट बनवाने के लिए फॉर्म नंबर 6 समेत घोषणा पत्र, एन.आर.आई. वोटरों के रजिस्ट्रेशन के लिए 6ए, नाम कटवाने के लिए फॉर्म 7 तथा संशोधन और एक स्थान से दूसरे स्थान पर तबदीली के लिए फॉर्म 8 भरा जा सकता है। नोटिस चरण/दावों और आपत्तियों का निपटारा 8 अक्तूबर 2026 तक किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम वोटर सूची का प्रकाशन 12 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वोटर ये फॉर्म ऑनलाइन voters.eci.gov.in पर या ECINET Mobile App पर भी भर सकते है।
रोल ऑब्जर्वर ने कहा कि एस.आई.आर. का मुख्य उद्देश्य शुद्ध, सही और त्रुटि-रहित वोटर सूचियां तैयार करना है, जो स्वतंत्र, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनावों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
इस मौके संबंधित विधानसभा चुनाव हलकों के चुनावकार रजिस्ट्रेशन अधिकारी, चुनाव तहसीलदार डा. दीपक राज और अन्य चुनाव स्टाफ भी मौजूद थे।
