डिप्टी कमिश्नर ने योग्य मतदाताओं से कैंप का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की
जालंधर, 2 सितंबर (हरविंदर सिंह फुल्ल)- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पंजाब राज्य में स्पैशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 का महत्वपूर्ण कार्य चल रहा है। इसके तहत 13 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है।डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक मतदाता सूची संबंधी दावे और आपत्तियां 12 सितंबर 2026 तक दाखिल की जा सकती है। मतदाता अपने दावे और आपत्ति संबंधी फॉर्म संख्या 6, 6-ए और 8 ऑनलाइन www.voters.eci.gov.in और Voter Helpline App के माध्यम से या ऑफलाइन संबंधित इलेक्शनल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ई.आर.ओ.) और बी.एल.ओ. के पास जमा करवा सकते है।श्री वालिया ने आगे बताया कि एस.आई.आर.-2026 के तहत आम लोगों और मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 6 सितंबर 2026, दिन रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जिले के सभी 1997 पोलिंग स्टेशनों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे है। इन कैंपों के दौरान सभी बी.एल.ओ. अपने-अपने पोलिंग बूथों पर मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को नोटिस फॉर्म, दावे और आपत्ति दाखिल करने संबंधी आवश्यक जानकारी और सहायता प्रदान करेंगे।डिप्टी कमिश्नर ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि योग्यता तिथि 1 अक्तूबर 2026 के आधार पर जिस नागरिक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है, वह अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए फॉर्म संख्या 6 भरकर इस विशेष कैंप का लाभ लें। इसी तरह मतदाता कार्ड में दर्ज विवरणों में किसी भी प्रकार का सुधार करवाने के लिए फॉर्म संख्या 8 भरा जा सकता है।उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बी.एल.एज) से दावों और आपत्तियों के काम में बी.एल.ओ. को सहयोग करने की अपील की।श्री वालिया ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने नजदीकी पोलिंग स्टेशन पर लगने वाले विशेष कैंप में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में चेक करें और आवश्यकतानुसार दावे, आपत्ति या सुधार संबंधी फॉर्म जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का सही और अपडेट होना बहुत महत्वपूर्ण है।
मतदाता सूची में संशोधन, पंजीकरण और दावों-आपत्तियों संबंधी अधिक जानकारी के लिए वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 (टोल फ्री) पर भी संपर्क किया जा सकता है।