











पटियाला, 25 सितंबर (भारत विज़न 24)-मुख्य इंजीनियर, वितरण नॉर्थ जोन, जालंधर, इंजीनियर सरबजीत सिंह ने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) द्वारा सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओज) को पेंशन पैकेज में आवश्यक रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों को उनके बनते वित्तीय लाभ समय पर उपलब्ध करवाए जा सकें।
पीएसपीसीएल के सीएमडी गुरकिरत किरपाल सिंह, आई.ए.एस., तथा पीएसईबी ज्वाइंट फोरम और बिजली मुलाजिम एकता मंच पंजाब के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के दौरान यह मामला सामने आया कि कुछ पेंशनरों की मृत्यु तिथि तथा कुछ फैमिली पेंशनरों की जन्म तिथि पेंशन पैकेज में दर्ज नहीं थी। इसके कारण वृद्धावस्था भत्ते और एल.टी.सी. जैसे लाभों की प्रक्रिया में कठिनाई आ रही थी।जांच के दौरान सामने आया कि 2,109 पेंशनरों की मृत्यु तिथि तथा 876 फैमिली पेंशनरों की जन्म तिथि का रिकॉर्ड अपडेट नहीं है। इसके परिणामस्वरूप कुछ पात्र पेंशनरों को एल.टी.सी., वृद्धावस्था भत्ता तथा अन्य बनते लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएसपीसीएल के सीएमडी गुरकिरत किरपाल सिंह, आई.ए.एस. ने सभी संबंधित डीडीओज को आवश्यक कार्रवाई 15 दिनों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों को उनके बनते वित्तीय लाभों का भुगतान सुचारू रूप से तथा बिना किसी अनावश्यक देरी के सुनिश्चित किया जा सके।
इस संबंध में पीएसपीसीएल द्वारा 23 सितंबर, 2026 को एक पत्र जारी कर सभी डीडीओज को पेंशनरों के रिकॉर्ड की तुरंत जांच करने तथा संबंधित दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक जानकारी को अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी पेंशनर से संबंधित कोई दस्तावेज अथवा जानकारी अधूरी है, तो संबंधित कार्यालय द्वारा स्वयं पेंशनर से संपर्क कर आवश्यक कमी को पूरा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

