Jalandhar

हर व्यक्ति को मानक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाना पंजाब सरकार की पहली प्राथमिकता : मोहिंदर भगत

जालंधर, 8 सितंबर (भारत विज़न 24) पंजाब के बागबानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि प्रदेश के हर व्यक्ति को मानक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाना पंजाब सरकार की पहली प्राथमिकता है।वह स्थानीय शहीद बाबू लाभ सिंह सिविल अस्पताल में टी.बी. के मरीजों को पोषण किटों का वितरण करते हुए संबोधित कर रहे थे।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने और प्रदेशवासियों को बेहतर तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से जहां लोगों को उनके घरों के पास मुफ्त मानक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई है, वहीं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का नकदरहित इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है।टी.बी. के मरीजों को पोषण किटें बाँटते हुए कैबिनेट मंत्री भगत ने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश से टी.बी. की जड़ों से उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में टी.बी. का मुफ्त इलाज और टेस्ट किए जाते है।उन्होंने टी.बी. के मरीजों से दवा का कोर्स पूरा करने और डॉक्टरों के कहे अनुसार सावधानियां बरतने की अपील भी की। इस बीमारी के उन्मूलन के लिए उन्होंने अधिकतम जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया।
इससे पहले सिविल सर्जन डा. राजेश गर्ग द्वारा सिविल अस्पताल में पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत का स्वागत किया गया। उन्होंने बताया कि आज टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत टी.बी. के मरीजों को 80 पोषण किटें बांटी गई है। उन्होंने बताया कि टी.बी. के मरीजों को हर महीने पोषण किटें मुहैया करवाई जाती है और पिछले 6 महीनों के दौरान लगभग 600 पोषण किटें बांटी जा चुकी है।उन्होंने कहा कि टीबी की बीमारी इलाज योग्य है, जिसके लिए रोगी की समय पर पहचान होना जरूरी है। इसके लिए बिना किसी देरी के अस्पताल में जांच करवाकर पूरा इलाज करवाना चाहिए। उन्होंने बताया कि टी.बी. के मरीजों की जांच के लिए सरकारी अस्पतालों में टेस्टों के अलावा आउटरीच कैंप भी लगाए जाते हैं।इससे पहले टी.बी. अफसर डा. परमवीर सिंह ने टी बी के लक्षणों, बचाव और इलाज के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।इस दौरान टी.बी. की बीमारी संबंधी जागरूकता के लिए कराए गए पोस्टर मेकिंग और लेख प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।इस अवसर पर जिला परिवार कल्याण अधिकारी डा. वरिंदर रियार, एम.ई.आई.ओ. गुरदीप सिंह के अलावा सिविल अस्पताल का स्टाफ भी मौजूद था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *